बनीखेत स्कूल प्रबंधन समिति चुनाव सम्पन्न, सर्वसम्मति से थोमस अध्यक्ष और अनीता कुमारी उपाध्यक्ष चुनी गईं
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में 22 जून को नए नियमों के तहत पाठशाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन की प्रक्रिया कार्यकारी प्रधानाचार्य श्रीमती गोपाली नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समिति गठन के दौरान कुल सदस्यों में 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई थीं।
चुनाव प्रक्रिया का संचालन प्रवक्ता हरि प्रसाद शर्मा ने किया। उन्होंने अभिभावकों को समिति गठन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी सदस्य के नाम का प्रस्ताव एक अभिभावक द्वारा रखा जाएगा तथा कम से कम दो अभिभावकों की सहमति आवश्यक होगी।
16 सदस्यीय समिति का हुआ गठन
चुनाव प्रक्रिया के दौरान पाठशाला प्रबंधन समिति के लिए 16 सदस्यों का चयन किया गया। इनमें थोमस, अनीता देवी, पुष्पा देवी, बवली देवी, नीलम, रीना देवी, पिंकी देवी, नीलम देवी, जयदेव चौहान, अनीता देवी, शिव कुमार, राजेन्द्र सिंह, ऊषा देवी तथा अदरो देवी को सदस्य चुना गया।
इसके अतिरिक्त पूर्व पंचायत प्रधान बनीखेत अरुण राणा और वरिष्ठ पत्रकार मंजीत सिंह मन्हास को पदेन सदस्य नामित किया गया। पाठशाला में कार्यरत अध्यापिका अंतिमा शर्मा को शिक्षक प्रतिनिधि सदस्य चुना गया, जबकि कार्यकारी प्रधानाचार्य गोपाली नेगी समिति की सदस्य सचिव रहेंगी।

थोमस बने अध्यक्ष, अनीता कुमारी चुनी गईं उपाध्यक्ष
23 जून को आयोजित समिति की पहली बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समिति सदस्य थोमस को पाठशाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा अनीता कुमारी को उपाध्यक्ष चुना।
बच्चों और विद्यालय के विकास में सहयोग का आह्वान
कार्यकारी प्रधानाचार्य गोपाली नेगी ने नवगठित समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक विकास, छात्र हितों और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
160 से अधिक अभिभावकों ने लिया भाग
बैठक में 160 से अधिक अभिभावकों तथा अध्यापकों ने भाग लिया। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन को विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
