ऊना में जन शिकायतों पर सख्त हुए मुकेश अग्निहोत्री, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
डलहौज़ी हलचल | ऊना उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निपटारा किया जाए।
उपमुख्यमंत्री बुधवार को जिला परिषद सभागार ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पटवारखानों और पंचायत घरों के मामलों की होगी विशेष समीक्षा
मुकेश अग्निहोत्री ने उपायुक्त को जिले में पटवारखानों तथा नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पटवारखानों से संबंधित मामलों का समेकित प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिसमें नए भवनों के निर्माण और नए पटवारखाने खोलने के प्रस्तावों का पूरा विवरण शामिल हो।
नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के लिए भूमि उपलब्धता, हस्तांतरण अथवा अन्य प्रशासनिक पेचीदगियों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान जरूरी
पंचायतों में प्रधान की भूमिका को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान के अधिकारों और भूमिका का सम्मान किया जाना चाहिए। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा निर्वाचित प्रधान के अधिकारों में हस्तक्षेप उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में महिला प्रधान निर्वाचित हुई हैं तो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा स्वयं को प्रधान समझकर पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। प्रधान महिला हो या पुरुष, वह जनता का निर्वाचित प्रतिनिधि है और उसके अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
आवश्यकता के आधार पर नए बस रूटों पर होगा विचार
बस रूटों की विभिन्न मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां वास्तविक आवश्यकता होगी, वहां बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है। हालांकि नए रूट के लिए फिजिबिलिटी और पर्याप्त यात्रियों की उपलब्धता को ध्यान में रखना भी जरूरी है, ताकि सेवा व्यवहारिक और टिकाऊ रहे।
उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा नए बस रूटों के सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण करने के निर्देश दिए।
रामपुर-संतोषगढ़ पुल के लिए धनराशि स्वीकृत
रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण से जुड़े मामले पर मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जन्माष्टमी से पहले बाबा बाल जी आश्रम मार्ग पर लाइटिंग
उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
लता मंगेशकर कला केंद्र के लिए आत्मनिर्भर मॉडल पर जोर
लता मंगेशकर कला केंद्र के संचालन और रखरखाव को लेकर उपमुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर संचालन मॉडल की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने तथा संचालन किसी उपयुक्त संस्था या एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने को कहा।
ऊना अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में सुविधाओं को सुदृढ़ करने और अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल से जुड़े मुद्दे उठाए।
चिकित्सकों के अवकाश के दौरान मरीजों की देखभाल के विषय पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी डॉक्टर के छुट्टी पर होने से मरीजों की उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन नए भवनों और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त जतिन लाल ने बैठक में जिला प्रशासन की ओर से जन शिकायतों के समयबद्ध निवारण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस हरोली अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, नगर निगम ऊना आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह, सहायक आयुक्त विनय मोदी, सभी एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
