इजराइल में नौकरी का मौका! केयरगिवर पद पर करीब 2 लाख रुपये मासिक वेतन, 1 सितंबर अंतिम तारीख

इजराइल में होम बेस्ड केयरगिवर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित हैं। वेतन 6,443.85 NIS और आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 है।
इजराइल में नौकरी का मौका! केयरगिवर पद पर करीब 2 लाख रुपये मासिक वेतन, 1 सितंबर अंतिम तारीख

डलहौज़ी हलचल | मंडी जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड (HPSEDC) के माध्यम से इजराइल में होम बेस्ड केयरगिवर के रूप में रोजगार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुबंध की अवधि दो वर्ष होगी, जिसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है।

लगभग 1.99 लाख रुपये मासिक वेतन

इन पदों के लिए कुल मासिक वेतन 6,443.85 न्यू इजरायली शेकेल (NIS) निर्धारित है, जो वर्तमान विनिमय दर के अनुसार लगभग 1.99 लाख रुपये प्रतिमाह है। इसमें बेसिक सैलरी के साथ मेडिकल इंश्योरेंस, भोजन एवं आवास भत्ता तथा अन्य खर्च शामिल हैं।

हालांकि, बीमा, आवास, भोजन और अन्य मदों में निर्धारित कटौतियों के बाद वास्तविक इन-हैंड वेतन लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह रहने की जानकारी दी गई है।

990 घंटे का प्रशिक्षण जरूरी

अभ्यर्थी के पास केयरगिविंग सेवाओं से संबंधित कम से कम 990 घंटे का मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण, जिसमें ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) भी शामिल है, होना चाहिए।

इसके अलावा मान्यता प्राप्त संस्थान से नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट अथवा मिडवाइफरी में डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। GDA, ANM, GNM, B.Sc. Nursing और Post B.Sc. Nursing योग्यता वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

चयन से पहले करीब 1.47 लाख रुपये का खर्च

चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल भेजे जाने और अनुबंध पर हस्ताक्षर से पहले लगभग 1,47,086 रुपये का खर्च स्वयं वहन करना होगा। यह राशि अनुमानित है और इसमें बदलाव संभव है। इसके अतिरिक्त वीजा प्रोसेसिंग तथा भारत से इजराइल आने-जाने की हवाई यात्रा का खर्च भी अभ्यर्थी को स्वयं वहन करना होगा।

इस राशि में पंजीकरण, मेडिकल जांच, पुलिस रिपोर्ट, आवश्यक होने पर पासपोर्ट शुल्क, इंटरव्यू वीडियो रिकॉर्डिंग और इजराइल स्थित प्लेसमेंट ब्यूरो की सेवाओं की प्रथम किस्त जैसी मदें शामिल हैं।

क्या हैं प्रमुख शर्तें?

  • अभ्यर्थी का इजराइल में पूर्व कार्य अनुभव नहीं होना चाहिए।
  • अभ्यर्थी का कोई निकटतम पारिवारिक सदस्य इजराइल में निवासरत या कार्यरत नहीं होना चाहिए।
  • निर्धारित प्रशिक्षण/शैक्षणिक योग्यता पूरी करना अनिवार्य है।
  • पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 है।

इजराइल की आधिकारिक जानकारी के अनुसार केयरगिवर वर्क वीजा के लिए प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, रोजगार अनुबंध, पुलिस क्लियरेंस, मेडिकल जांच और अन्य दस्तावेज आवश्यक होते हैं तथा वीजा प्रक्रिया संबंधित स्वीकृतियों के बाद आगे बढ़ती है।

आवेदन लिंक: गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण करें

इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। HPSEDC की आधिकारिक वेबसाइट पर निगम की गतिविधियों और संपर्क विवरण भी उपलब्ध हैं।

विज्ञापन