रिडकमार में 715 बीपीएल परिवारों को मिलेगा योजनाओं का सीधा अपडेट, बनेगा व्हाट्सऐप ग्रुप

रिडकमार में विधायक केवल सिंह पठानिया ने 715 बीपीएल परिवारों से संवाद किया। परिवारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनेगा।
रिडकमार में 715 बीपीएल परिवारों को मिलेगा योजनाओं का सीधा अपडेट, बनेगा व्हाट्सऐप ग्रुप

डलहौज़ी हलचल | शाहपुर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी क्षेत्र की पंचायतों में बीपीएल सर्वे के दौरान चिह्नित 715 परिवारों के सदस्यों के साथ मंगलवार को रिडकमार में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पात्र परिवारों की समस्याएं सुनीं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

बीपीएल परिवारों के लिए बनेगा व्हाट्सऐप ग्रुप

विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि बीपीएल परिवारों का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार की ओर से इन परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की जाएगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे उनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपने-अपने वार्डों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।

बीपीएल परिवारों के लिए होंगे महत्वपूर्ण निर्णय

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री की ओर से बीपीएल परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। इनका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें बेहतर जीवनयापन में सहायता प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा राहत राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। अब आपदा के दौरान पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के मालिक को 7.50 लाख रुपये तथा घर के सामान के लिए एक लाख रुपये अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही है।

धारकंडी क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी गति

विधायक ने कहा कि धारकंडी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं और उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर उन्होंने गत दिनों बोह में आई आपदा के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

गीत-संगीत के माध्यम से दी योजनाओं की जानकारी

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकांश पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों से संवाद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों को विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार तक भेजा जाएगा।

इस दौरान जिला परिषद सदस्य संदीप, पंचायत प्रतिनिधि ओमराज, निर्मल सिंह, अक्षय अत्री सहित अन्य लोगों ने भी अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, बीपीएल परिवारों के सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

विज्ञापन