भरमौर में तेंदुए का कहर: 14 भेड़ों को बनाया शिकार, 15 भेड़-बकरियां लापता

भरमाणी माता मंदिर के पास खूनी हमला, तेंदुए ने मिनटों में 14 भेड़ों को मार डाला, 15 अब भी गायब
भरमौर में तेंदुए का कहर: 14 भेड़ों को बनाया शिकार, 15 भेड़-बकरियां लापता

डलहौज़ी हलचल | भरमौर

चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात भरमाणी माता मंदिर के समीप एक तेंदुए ने भेड़-बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। इस हमले में 14 भेड़ें मौके पर ही मारी गईं, जबकि 15 भेड़-बकरियां लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

सचूई पंचायत के पशुपालकों को हुआ भारी नुकसान

जानकारी के अनुसार सचूई पंचायत निवासी सतपाल ठाकुर और बुद्धि सिंह अपनी भेड़-बकरियों के साथ भरमाणी माता मंदिर के समीप डेरा लगाए हुए थे। सोमवार रात करीब तीन बजे तेंदुआ उनके पशुओं के बाड़े में घुस गया और हमला कर दिया। हमले के बाद घटनास्थल पर 14 भेड़ें मृत अवस्था में मिलीं, जबकि 15 अन्य भेड़-बकरियां जंगल की ओर भाग गईं या लापता हो गईं।

वन विभाग और पशुपालन विभाग ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, वन विभाग और पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वन विभाग और पशुपालन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया तथा अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

प्रभावित परिवारों ने मांगी आर्थिक सहायता

स्थानीय भेड़ पालक अमर सिंह, जिगरी राम, अंग्रेज सिंह, करनैल सिंह तथा चतरो राम ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि भेड़-बकरी पालन ही उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है। वर्षभर कठिन मौसम और दुर्गम परिस्थितियों में पशुपालन कर वे अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में जंगली जानवरों के हमलों से होने वाले नुकसान की भरपाई कर पाना उनके लिए बेहद कठिन हो जाता है।

पांच दिनों में तीसरी बड़ी घटना से दहशत

उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिनों के भीतर जंगली जानवरों द्वारा भेड़-बकरियों पर हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले पूलन पंचायत में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में लगभग 30 भेड़-बकरियां जंगली जानवरों का शिकार बन चुकी हैं, जबकि करीब 20 पशु अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से क्षेत्र के पशुपालकों में भय का माहौल है।

विधायक डॉ. जनक राज ने राहत देने की उठाई मांग

भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने चाहिए।

विज्ञापन