चंबा के भरमौर में हृदयविदारक हादसा, पति को बचाने की कोशिश में पत्नी भी खाई में गिरी, दोनों की मौत

चंबा के भरमौर क्षेत्र के लिल्ह में मायके जाते समय दंपति गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंबा के भरमौर में हृदयविदारक हादसा, पति को बचाने की कोशिश में पत्नी भी खाई में गिरी, दोनों की मौत

डलहौज़ी हलचल | चंबा

चंबा जिले के जनजातीय उपमंडल भरमौर से एक अत्यंत दुखद हादसे की खबर सामने आई है। भरमौर के लिल्ह क्षेत्र में गहरी खाई में गिरने से एक दंपति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मायके जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दाड़वीं के गांव उहां निवासी गौरख कुमार (33) अपनी पत्नी सुषमा (26) के साथ वीरवार को उसके मायके लिल्ह जा रहे थे। बताया जा रहा है कि लिल्ह गांव तक पहुंचने के लिए दुर्गम पहाड़ी पगडंडी से होकर गुजरना पड़ता है।

रास्ते में एक ढलानदार स्थान पर अचानक गौरख कुमार का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी खाई की ओर गिरने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी सुषमा ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों एक साथ खाई में गिर गए।

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया। हालांकि, जब तक दोनों तक पहुंचा गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को खाई से निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

क्षेत्र में शोक की लहर

इस हृदयविदारक हादसे से दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्गम पैदल मार्गों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

विज्ञापन