चंबा को मिलेगी नई रफ्तार! 250+ आबादी वाले हर सड़क-वंचित गांव को जोड़ने की तैयारी, चंबा-चुवाड़ी टनल पर भी बड़ा अपडेट
डलहौज़ी हलचल | डलहौजी (चंबा)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में गुरुवार को परिधि गृह डलहौजी में लोक निर्माण विभाग की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
250 से अधिक आबादी वाले सड़क-वंचित गांवों की बनेगी डीपीआर
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 250 से अधिक आबादी वाले जिले के सभी सड़क सुविधा से वंचित गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के अंतर्गत शामिल करते हुए उनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाए, ताकि इन गांवों को शीघ्र सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

चंबा-चुवाड़ी टनल पीपीपी मॉडल पर बनेगी
बैठक में प्रस्तावित चंबा-चुवाड़ी टनल परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।
पीएमजीएसवाई चरण-4 की 61 परियोजनाओं के लिए जारी हुआ लेटर ऑफ इंटरेस्ट
उन्होंने बताया कि चंबा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत लगभग 551 करोड़ रुपये की लागत वाली 65 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 61 परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ इंटरेस्ट (LOI) जारी किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को शेष चार परियोजनाओं की विभागीय औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
वन स्वीकृतियों में तेजी लाने के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने सड़क परियोजनाओं में आ रही वन स्वीकृति संबंधी लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम, वन मंडल अधिकारियों (DFO) तथा कार्यान्वयन एजेंसियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा।

गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
बैठक में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा विभिन्न कार्यालय भवनों सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सड़क एवं पुल जैसी आधारभूत सुविधाएं क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्य निष्पादन एजेंसियों एवं ठेकेदारों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर भी बल दिया, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। साथ ही परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में उपमंडल अधिकारी (ना.) डलहौजी अनिल भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता उत्तरी क्षेत्र विकास सूद, अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, अधीक्षण अभियंता (विद्युत विंग) संजय कौंडल, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, अतुल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
