चंबा-भटियात की पंचायतों में कलाकारों ने जगाई अलख, नुक्कड़ नाटक से बताईं सरकारी योजनाएं और नशे के दुष्प्रभाव

चंबा और भटियात की पंचायतों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष अभियान के तहत कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नशा मुक्ति का संदेश दिया।
चंबा-भटियात की पंचायतों में कलाकारों ने जगाई अलख, नुक्कड़ नाटक से बताईं सरकारी योजनाएं और नशे के दुष्प्रभाव

डलहौज़ी हलचल | चंबा

प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी नीतियों तथा नशा निवारण संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का विशेष प्रचार अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत मंगलवार को कलाकारों ने चंबा और भटियात उपमंडलों की विभिन्न पंचायतों में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

हरिपुर, मंगला, कामला और सिहुंता पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम

विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत संतोष जागृति कला मंच के कलाकारों ने उपमंडल चंबा की हरिपुर और मंगला ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन के कलाकारों ने भटियात उपमंडल की कामला और सिहुंता ग्राम पंचायतों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

विभिन्न सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। इनमें स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाएं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित कई जनहितकारी योजनाएं शामिल रहीं।

नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक

कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया तथा लोगों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

पहले भी कई पंचायतों में चलाया गया अभियान

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के इस विशेष अभियान के तहत 7 जुलाई को भी संतोष जागृति कला मंच द्वारा उपमंडल चंबा की साहो और प्रोथा पंचायतों में तथा चंबा रंग दर्शन दल द्वारा सलूणी उपमंडल की भलेई और सुंडला ग्राम पंचायतों में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।

विज्ञापन