चंबा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, दो नाबालिग भतीजियों से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने दो नाबालिग सगी बहनों से दुष्कर्म के आरोप में एक शादीशुदा व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी ही नाबालिग भतीजियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप है।
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी बच्ची के साथ कथित घटना घर में, जबकि छोटी बच्ची के साथ खेत में हुई। दोनों बच्चियों ने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद उनके पिता ने पुलिस थाना सदर चंबा में शिकायत दर्ज करवाई।
POCSO एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ POCSO (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण जारी
पुलिस प्रक्रिया के तहत दोनों नाबालिग पीड़िताओं का पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा में चिकित्सकों की विशेष टीम द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
