चंबा में नशा तस्कर के घर SIU का छापा, चिट्टे के साथ लाखों का सोना-चांदी, आईफोन और नकदी बरामद
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू क्षेत्र के एक 40 वर्षीय व्यक्ति को 42.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोना, चांदी, दो आईफोन और नकदी भी बरामद की है।
गुप्त सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालू क्षेत्र का एक व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह के नेतृत्व में SIU टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी में क्या-क्या हुआ बरामद?
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—
- 42.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन)
- 217 ग्राम सोना (बिना बिल)
- 479 ग्राम चांदी
- दो आईफोन
- 64,640 रुपये नकद
बरामद सोने और चांदी के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
आरोपी की पहचान
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार (40 वर्ष), निवासी बालू, जिला चंबा के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर चंबा में एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से बरामद नशीले पदार्थ और अन्य सामान के संबंध में गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।
