चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, चालक फरार
डलहौज़ी हलचल (चंबा): हिमाचल Pradesh के चंबा जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। यह हादसा द्रम्मण-सिहुंता मुख्य मार्ग पर डडामण के पास पेश आया, जहां तेज रफ्तार आल्टो कार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजो देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
टक्कर मारकर चालक मौके से फरार
जानकारी के अनुसार देर शाम सिहुंता की ओर से आ रही एक आल्टो कार ने डडामण के पास राजो देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक राकेश गुप्ता निवासी सिद्धपुर, जिला कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
