मंडी में पंचायती राज चुनावों की शुरुआत: पहले दिन 3820 नामांकन दाखिल
डलहौज़ी हलचल (मंडी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन कुल 3820 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अपूर्व देवगन ने दी।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्ड सदस्य पदों के लिए 54 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए 235 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए भारी उत्साह
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान के 577 पदों के लिए 891 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। वहीं उपप्रधान पदों के लिए 706 तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 3311 पदों के लिए 1934 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
पंचायत समिति स्तर पर भी उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। पंचायत समिति बल्ह के 23 सदस्य पदों के लिए 14, बालीचौकी के 19 पदों के लिए 6, चौंतड़ा के 20 पदों के लिए 20, चुराग के 15 पदों के लिए 6 तथा धर्मपुर के 20 पदों के लिए 30 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
इसके अलावा द्रंग के 24 पदों के लिए 20, गोहर के 16 पदों के लिए 13, गोपालपुर के 27 पदों के लिए 36, करसोग के 15 पदों के लिए 13, निहरी के 15 पदों के लिए 17, सदर मंडी के 26 पदों के लिए 28, सराज के 15 पदों के लिए 4 तथा सुंदरनगर पंचायत समिति के 16 पदों के लिए 17 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
8 और 11 मई को भी भरे जाएंगे नामांकन
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि उम्मीदवार 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि 14 और 15 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 15 मई को दोपहर 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
26, 28 और 30 मई को होगा मतदान
ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को करवाया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में मतगणना भी की जाएगी।
वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी।
