रविवार को चुराह के स्कूल में मची तबाही, गैस सिलेंडर फटने से तीन कमरे राख, बच्चों की आंखें हुईं नम
डलहौज़ी हलचल | चुराह (चंबा)
चंबा जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के सलोह स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में रविवार दोपहर बाद भीषण आग लगने से स्कूल के तीन कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से विद्यालय का सरकारी रिकॉर्ड, फर्नीचर तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक सामग्री भी नष्ट हो गई। राहत की बात यह रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण स्कूल में कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गैस सिलेंडर फटने से और भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें विद्यालय की रसोई तक पहुंच गईं, जहां रखे गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गए। सिलेंडरों में हुए तेज धमाकों से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। धमाकों के बाद आग और अधिक भड़क गई तथा कुछ ही समय में स्कूल के तीनों कमरे पूरी तरह जल गए।
बच्चों की शैक्षणिक सामग्री और सरकारी रिकॉर्ड हुआ नष्ट
अग्निकांड में विद्यालय का महत्वपूर्ण सरकारी रिकॉर्ड, लेखा-जोखा, फर्नीचर तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। जब ग्रामीण और कुछ छात्र घटनास्थल पर पहुंचे तो अपने विद्यालय को राख में तब्दील देखकर सभी भावुक हो उठे। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी क्षति बताया।
ग्रामीणों ने किया बचाव का प्रयास, प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर पानी एवं मिट्टी की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का आकलन सामने आ सकेगा।
