मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंचायत प्रतिनिधियों को दिलाई एंटी चिट्टा शपथ, चिट्टा मुक्त पंचायतों के निर्माण का किया आह्वान
डलहौज़ी हलचल | शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के पीटरहॉफ होटल में आयोजित नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान एवं उप-प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाते हुए चिट्टा मुक्त पंचायत और चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने को कहा।
पंचायतें शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायतें शासन और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित प्रधान और उप-प्रधान विकास कार्यों, जनसेवा और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से समाज में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
युवाओं को नशे से दूर रखने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विशेष प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर खेल गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यक्रमों और सामाजिक जागरूकता अभियानों को बढ़ावा देकर युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास पर सरकार का फोकस
सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और समग्र विकास के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, ग्रीन हिमाचल, शिक्षित हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल, रोजगार सृजन, वित्तीय प्रबंधन और नशा निवारण जैसे क्षेत्रों में दूरदर्शी सोच के साथ कार्य कर रही है।
रोहित ठाकुर ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जिला के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नंद लाल, कुलदीप सिंह राठौर, मोहन लाल ब्राक्टा, हरीश जनारथा, विद्या नेगी, गोकुल बुटेल, अनुपम कश्यप तथा गौरव सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
