उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का किया लोकार्पण
डलहौज़ी हलचल | ऊना
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को ऊना जिले के हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया और ई-चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर उन्होंने चार नई बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा हरोली-श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू करने की घोषणा भी की।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिलीं 115 इलेक्ट्रिक बसें
हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन का नया केंद्र बनेगा हरोली
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद हरोली को क्षेत्रीय कार्यालय और प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के रूप में एक और बड़ी सौगात मिली है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह सुविधा प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने का काम करेगी।

कांगड़ा में भी बनेगा ई-बस डिपो
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि ऊना से भी जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
अंब बस अड्डे और चिंतपूर्णी मंदिर को लेकर बड़ी घोषणा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से इस कार्य में सहयोग करने की अपील भी की।
बल्क ड्रग पार्क और सिटी सेंटर की घोषणा
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी।
इसके साथ ही ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने और जिले में टायर रिट्रेडिंग प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
हरोली के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक हरोली के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति उनके लिए समान महत्व रखता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, डीसी ऊना जतिन लाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा और अन्य अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
