कजाकिस्तान पहुंचे हिमाचल के आईटीआई छात्र, मुख्यमंत्री सुक्खू ने फोन पर जाना अनुभव और दी बड़ी सीख
डलहौज़ी हलचल | शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार सायं कजाकिस्तान के एक्सपोजर विजिट पर गए हिमाचल प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षुओं से दूरभाष पर बातचीत कर उनके अनुभवों और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को इस अंतरराष्ट्रीय शिक्षण अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
पहली बार आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए विदेश एक्सपोजर विजिट
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार है जब प्रदेश सरकार ने तकनीकी संस्थानों के प्रशिक्षुओं के लिए विदेश में एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया है। इससे पहले सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी शैक्षणिक एवं एक्सपोजर यात्राएं आयोजित की जा चुकी हैं और भविष्य में भी इस पहल को जारी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों के लिए भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर दौरे आयोजित करने की संभावना पर विचार कर रही है, ताकि वे आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का अनुभव प्राप्त कर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बना सकें।

विदेशी रोजगार के सुरक्षित अवसरों पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के अंतर्गत ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट सेल की स्थापना की गई है।
उन्होंने विद्यार्थियों से इस सेल में पंजीकरण करवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें विदेशों में बेहतर और वास्तविक रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा फर्जी ट्रैवल एजेंटों से भी बचाव होगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने साझा किए दौरे के अनुभव
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रशिक्षुओं ने कजाकिस्तान के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और प्रतिष्ठानों का दौरा किया, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और नई तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

विद्यार्थियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
विद्यार्थियों ने इस अनूठे अवसर के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कजाकिस्तान एक्सपोजर विजिट ने उनके दृष्टिकोण का विस्तार किया है और उनकी तकनीकी समझ को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह अनुभव उनके भविष्य और करियर निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
