10 साल बाद नगर परिषद चंबा में कांग्रेस की वापसी, भुवनेश्वरी गुलाटी बनीं अध्यक्ष और जितेंद्र सूर्या उपाध्यक्ष
डलहौज़ी हलचल | चंबा
नगर परिषद चंबा की सत्ता पर कांग्रेस ने एक दशक बाद शानदार वापसी करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को एसडीएम कार्यालय चंबा में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने भाजपा प्रत्याशियों को पराजित कर नगर परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली। अध्यक्ष पद पर भुवनेश्वरी गुलाटी तथा उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र सूर्या विजयी घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद पर भुवनेश्वरी गुलाटी की जीत
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित भुवनेश्वरी गुलाटी और भाजपा समर्थित सीमा कश्यप चुनाव मैदान में थीं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया गया, जिसमें नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ सदर विधायक नीरज नैयर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतगणना के बाद घोषित परिणामों में भुवनेश्वरी गुलाटी को 7 वोट मिले, जबकि सीमा कश्यप को 5 मत प्राप्त हुए। इस तरह भुवनेश्वरी गुलाटी ने दो मतों के अंतर से जीत दर्ज कर नगर परिषद चंबा की नई अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र सूर्या ने मारी बाजी
अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। कांग्रेस की ओर से जितेंद्र सूर्या और भाजपा की ओर से निशा बडयाल चुनाव मैदान में उतरीं।
उपाध्यक्ष पद के परिणामों में भी कांग्रेस को सफलता मिली। जितेंद्र सूर्या को 7 मत प्राप्त हुए, जबकि निशा बडयाल को 5 मत मिले। दो मतों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए जितेंद्र सूर्या नगर परिषद चंबा के नए उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
एसडीएम प्रियांशु खाती की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया
नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव एसडीएम सदर प्रियांशु खाती की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एसडीएम कार्यालय परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए थे।
जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
नगर परिषद की सत्ता पर कब्जा जमाने के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सदर विधायक नीरज नैयर और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया और शहर में विजय रैली भी निकाली।
शहर के विकास को मिलेगी नई गति: नीरज नैयर
इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैयर ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित नगर परिषद शहर के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नगर परिषद चंबा को विकास कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग और वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएगी।
कांग्रेस खेमे में उत्साह, भाजपा को झटका
नगर परिषद चंबा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कांग्रेस की जीत को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब दस वर्षों बाद नगर परिषद की सत्ता में वापसी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है, जबकि भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है।