चंबा की विरासत को संवारने की तैयारी, रंग महल, अखंड चंडी पैलेस और लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचे डीसी मुकेश रेपसवाल

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने चंबा के रंग महल, अखंड चंडी पैलेस और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मरम्मत एवं सौंदर्यकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
चंबा की विरासत को संवारने की तैयारी, रंग महल, अखंड चंडी पैलेस और लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचे डीसी मुकेश रेपसवाल

डलहौज़ी हलचल | चंबा

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सोमवार को चंबा शहर की प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों रंग महल, अखंड चंडी पैलेस तथा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे रखरखाव एवं सौंदर्यकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

रंग महल और अखंड चंडी पैलेस में कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ऐतिहासिक रंग महल में चल रहे रखरखाव एवं सौंदर्यकरण कार्यों का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने अखंड चंडी पैलेस स्थित जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। पुस्तकालय में किए गए मरम्मत कार्यों की समीक्षा करने के साथ उन्होंने शौचालयों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला पुस्तकालय में जल्द होगी कंप्यूटर लैब शुरू

उपायुक्त ने पुस्तकालय प्रभारी को कंप्यूटर लैब को शीघ्र कार्यशील बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची तैयार कर विभिन्न विभागों को भेजने को कहा।

विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक पुस्तकों की सूची उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चंबा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त सूची के अनुसार पुस्तकालय में नई पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सामग्री मिल सके।

 

लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में संरक्षण कार्यों के लिए लिया जाएगा एएसआई का सहयोग

उपायुक्त ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 11 मरम्मत कार्य चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के कुछ हिस्सों में विशेष संरक्षण कार्यों की आवश्यकता सामने आई है। चूंकि यह कार्य ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण से जुड़े हैं, इसलिए इन्हें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से करवाया जाएगा।

ऐतिहासिक धरोहरों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील

मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि अखंड चंडी पैलेस, रंग महल और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जैसी ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरें चंबा की सांस्कृतिक पहचान हैं। उन्होंने जिलावासियों और श्रद्धालुओं से इन स्थलों की स्वच्छता एवं संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान उपमंडलाधिकारी (नागरिक) प्रियांशु खाती, तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप, पार्षद रजनी शर्मा, अधिशासी अभियंता जोगिंदर शर्मा, जिला विकास अधिकारी कार्यालय के अर्थशास्त्री विनोद कुमार, सहायक अभियंता उपेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन