शाहपुर अस्पताल में लगेंगी 10 डायलिसिस मशीनें, द्रमण छिंज मेले में केवल सिंह पठानिया की बड़ी घोषणा

द्रमण छिंज मेले में बोले केवल सिंह पठानिया, शाहपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को किया जा रहा सुदृढ़
शाहपुर अस्पताल में लगेंगी 10 डायलिसिस मशीनें, द्रमण छिंज मेले में केवल सिंह पठानिया की बड़ी घोषणा

डलहौज़ी हलचल | शाहपुर

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सोमवार देर सायं द्रमण के ऐतिहासिक छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। मेले में पहुंचने पर मेला कमेटी और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उन्हें पारंपरिक अंदाज में मेला अखाड़े तक लाया गया।

शाहपुर अस्पताल में जल्द स्थापित होंगी 10 डायलिसिस मशीनें

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल शाहपुर में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जा चुकी है तथा जल्द ही अस्पताल में 10 डायलिसिस मशीनें भी स्थापित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

पिछले वर्ष की मांग पर बना छिंज मेला मंच

विधायक ने बताया कि पिछले वर्ष द्रमण छिंज मेले के दौरान मेला कमेटी ने स्थायी मंच निर्माण की मांग रखी थी। इस मांग को पूरा करते हुए लगभग चार लाख रुपये की लागत से छिंज मेला स्टेज का निर्माण करवाया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि मंच के सौंदर्यीकरण अथवा अन्य विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ी तो उसे भी उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि मेले की व्यवस्थाएं और बेहतर बन सकें।

मेला कमेटी को 21 हजार रुपये देने की घोषणा

केवल सिंह पठानिया ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।

माली मुकाबले में पलविंदर पट्टी रहे विजेता

द्रमण छिंज मेले में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेचों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले के मुख्य आकर्षण माली मुकाबले में पलविंदर पट्टी विजेता रहे, जबकि इरफान ईरानी उपविजेता घोषित किए गए।

अनेक गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान चरणजीत, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, ग्राम पंचायत मन्झग्रां के प्रधान सुरेश, उपप्रधान विकास, बीडीसी सदस्य आकाश, सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुशील शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व प्रधान अजय बबली, देवराज, चैन सिंह, हरनाम, कश्मीर, प्रीतम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

विज्ञापन