“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, राज्यपाल बोले- पौधरोपण ही जलवायु परिवर्तन का सबसे बड़ा समाधान
डलहौज़ी हलचल | शिमला
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि विश्व आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन समस्याओं का सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान व्यापक जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण और बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाना है।
राज्यपाल शिमला के निकट जतोग छावनी क्षेत्र में प्रार्थना सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” पौधरोपण अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने छावनी परिसर में अराउकारिया का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
“एक पेड़ मां के नाम” बना जनआंदोलन
राज्यपाल ने प्रार्थना सोशल वेलफेयर सोसायटी, केंद्रीय विद्यालय जतोग और जतोग छावनी बोर्ड को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह केवल पौधरोपण कार्यक्रम नहीं बल्कि मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित एक भावनात्मक राष्ट्रीय जनआंदोलन है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां हमें प्रेम, सुरक्षा और संरक्षण देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, छाया, फल और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान कर जीवन का आधार बनते हैं। इसलिए अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाना प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है।
भारतीय संस्कृति में प्रकृति का विशेष स्थान
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सभ्यता में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। वेदों और उपनिषदों में पृथ्वी को मां तथा वृक्षों को जीवनदाता बताया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान आज पूरे देश में जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वन संपदा, हिमालय, नदियां और जैव विविधता राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों और युवाओं से किया विशेष आह्वान
राज्यपाल ने विद्यार्थियों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण का अग्रदूत बनने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी पौधरोपण अभियान की सफलता लगाए गए पौधों के जीवित रहने की दर से मापी जानी चाहिए।
प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा गोद ले: विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा गोद लेकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और घटते वन क्षेत्र के कारण वन्यजीव मानव बस्तियों की ओर आने को विवश हो रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण का महत्व और बढ़ गया है।
संग्रहालय का भी किया अवलोकन
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने जतोग छावनी संग्रहालय का अवलोकन किया, जहां कमांडिंग ऑफिसर ने उनका सम्मान किया। वहीं प्रार्थना सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष हिमेश शर्मा ने भी राज्यपाल को सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्टेशन कमांडर जतोग ब्रिगेडियर इंद्रवीर राणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशांत गुप्ता, कमांडिंग अधिकारी कर्नल सचिन कुमार, केंद्रीय विद्यालय जतोग के प्रधानाचार्य मोहित कुमार, विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
