80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोक भवन में फहराया तिरंगा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर पट्टिका का अनावरण

80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोक भवन में तिरंगा फहराया और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर बंकिम चंद्र की स्मृति में पट्टिका का अनावरण किया।
80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोक भवन में फहराया तिरंगा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर पट्टिका का अनावरण

डलहौज़ी हलचल | शिमला। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और लोक भवन में तैनात पुलिस गार्ड ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोक भवन के कर्मचारियों को मिठाइयां भी वितरित कीं। लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी समारोह में मौजूद रहीं।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

राज्यपाल ने देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 भारत के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, समर्पण और संघर्ष से संभव हुआ।

उन्होंने उन वीर सैनिकों को भी नमन किया जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की एकता, अखंडता और सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।

राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का राष्ट्रीय पर्व है।

आत्मनिर्भर हिमाचल और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और कर्मठ जनता के साथ वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर हिमाचल और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना पूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा विकास मॉडल विकसित करने की आवश्यकता है, जिसमें विकास समावेशी हो, प्रत्येक वर्ग तक अवसर पहुंचे और पर्यावरणीय संतुलन भी कायम रहे।

उन्होंने प्रदेशवासियों से सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और समावेशी विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व करने का आह्वान

राज्यपाल ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उनसे नवाचार, उद्यमिता, शिक्षा, खेल और जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान से पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर बंकिम चंद्र की स्मृति में पट्टिका का अनावरण

इस अवसर पर राज्यपाल ने लोक भवन में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की स्मृति में एक पट्टिका का अनावरण भी किया।

पट्टिका पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के छंद अंकित किए गए हैं।

राज्यपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ का भारत के स्वतंत्रता संग्राम में विशेष और गौरवपूर्ण स्थान रहा है। यह राष्ट्रीय गीत आज भी देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को प्रेरित करता है।

प्राकृतिक विरासत के संरक्षण पर भी दिया जोर

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की संवेदनशील पारिस्थितिकी और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा भावी पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है, इसलिए विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने प्रदेश और देश की शांति, प्रगति एवं समृद्धि की कामना करते हुए नागरिकों से मजबूत, सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

विज्ञापन