ककीरा स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
डलहौज़ी हलचल | ककीरा (चंबा)भूषण गुरंग । राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककीरा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों और स्टाफ ने राष्ट्रगान गाते हुए तिरंगे को सलामी दी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से बच्चों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक किया।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत दिखी केरल और हिमाचल की संस्कृति
कार्यक्रम में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत विद्यार्थियों ने केरल और हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। बच्चों ने विभिन्न नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों राज्यों की परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता से सभी को परिचित करवाया।
देशभक्ति गीतों और कविताओं से माहौल हुआ देशभक्तिमय
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने भाषण, कविताएं और देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्वतंत्रता दिवस संबोधन भी लाइव दिखाया गया, जिसे विद्यार्थियों और स्टाफ ने ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को दिया अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश
प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय और देश तभी तरक्की कर सकते हैं, जब सभी लोग एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उनका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
शिक्षकों ने संभाली कार्यक्रम की कमान
पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवक्ता रसायन विज्ञान अजय कुमार और प्रवक्ता हिंदी रोशन लाल ने किया। उनके प्रभावी संचालन ने कार्यक्रम को व्यवस्थित और आकर्षक बनाए रखा।
समारोह में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को जलपान भी करवाया गया।
