चम्बा में सरकारी नौकरी का मौका! जल शक्ति विभाग में पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर्स की भर्ती

जल शक्ति विभाग चम्बा में पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर एवं मल्टीपर्पज वर्कर्स के 30 पदों पर मानदेय आधार पर भर्ती निकली है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
चम्बा में सरकारी नौकरी का मौका! जल शक्ति विभाग में पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर्स की भर्ती

डलहौज़ी हलचल | चम्बा

जल शक्ति विभाग, चम्बा मंडल ने विभिन्न जलापूर्ति एवं सीवरेज योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर एवं मल्टीपर्पज वर्कर्स के कुल 30 पदों पर मानदेय आधार पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

30 पदों पर होगी भर्ती

जल शक्ति मंडल चम्बा के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि भर्ती के तहत—

  • पैरा पंप ऑपरेटर – 8 पद
  • पैरा फिटर – 3 पद
  • मल्टीपर्पज वर्कर्स – 19 पद

भरे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर को 7,100 रुपये प्रतिमाह, जबकि मल्टीपर्पज वर्कर्स को 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

अधिशाषी अभियंता ने बताया कि सभी पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

पैरा फिटर के लिए अभ्यर्थी का मैट्रिक के साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से फिटर, प्लंबर अथवा प्लंबिंग एवं सैनिटेशन ट्रेड में आईटीआई या कौशल विकास योजना के अंतर्गत संबंधित ट्रेड का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है।

पैरा पंप ऑपरेटर पद के लिए मैट्रिक के साथ इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक अथवा संबंधित ट्रेड में आईटीआई या कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। दोनों पदों के लिए विस्तृत अंक प्रमाणपत्र (Detailed Marks Certificate) प्रस्तुत करना होगा।

मल्टीपर्पज वर्कर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है।

15 जुलाई तक जमा करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रपत्र में आवश्यक प्रमाणित दस्तावेजों सहित अपना आवेदन 15 जुलाई 2026 तक कार्यालय समय के दौरान अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति मंडल, चम्बा के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा—

  • बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र
  • बेरोजगारी प्रमाण पत्र
  • आरक्षित वर्ग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • चरित्र प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड

स्किल टेस्ट और फिजिकल टेस्ट के आधार पर होगा चयन

अधिशाषी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट एवं फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसकी सूचना केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दी जाएगी जिनके आवेदन सही एवं पूर्ण पाए जाएंगे।

उन्होंने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्राप्त किया जा सके।

विज्ञापन