जवाली में मां-बेटी की मौत के मामले में बाल कल्याण समिति सक्रिय, पुलिस से तलब की रिपोर्ट
डलहौज़ी हलचल | धर्मशाला
जिला कांगड़ा के थाना जवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धेला में नवीं कक्षा की छात्रा और उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जिला बाल कल्याण समिति (CWC), धर्मशाला ने स्वतः संज्ञान लिया है। समिति ने पुलिस से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब करते हुए नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
समिति ने जुटाई प्रारंभिक जानकारी
शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा तथा समिति के सदस्य विजय शर्मा और नरेष्ठा कुमारी ने मामले की प्रारंभिक जानकारी एकत्र की।
समिति अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि मीडिया में आई जानकारी के अनुसार जवाली क्षेत्र की पंचायत धेला में रहने वाले एक परिवार ने रात को भोजन करने के बाद विश्राम किया। बताया जा रहा है कि महिला और उसके दोनों बच्चे एक कमरे में सोए थे, जबकि पति दूसरे कमरे में था।
सुबह मां-बेटी मृत मिलीं, बेटा अस्पताल में भर्ती
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह महिला का पति उठा तो उसकी पत्नी और नवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी मृत अवस्था में मिलीं, जबकि नाबालिग बेटा गंभीर हालत में उल्टियां करता हुआ मिला। परिजनों और ग्रामीणों की सहायता से उसे तुरंत जवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
नाबालिग बच्चों से जुड़ा मामला होने पर CWC की कार्रवाई
विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि चूंकि यह मामला नाबालिग बच्चों से जुड़ा है, इसलिए जिला बाल कल्याण समिति ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना जवाली से अब तक की गई प्रारंभिक जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
समिति ने पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
