जनता के बीच पहुंचे केवल सिंह पठानिया, कई समस्याओं का मौके पर किया समाधान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

शाहपुर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रैत में जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनता के बीच पहुंचे केवल सिंह पठानिया, कई समस्याओं का मौके पर किया समाधान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रैत में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़

डलहौज़ी हलचल | शाहपुर

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को रैत में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं और मांगें सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर पहुंचे।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

अधिकांश मामलों का मौके पर किया समाधान

उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। वहीं, जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है और प्रशासन को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

विज्ञापन