कुपवी में विकास कार्यों की समीक्षा: IAS कृतिका कुल्हारी ने अधिकारियों को लगाई फटकार, तय समय में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
डलहौज़ी हलचल | शिमला
केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण) की उप सचिव तथा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम (Aspirational Blocks Programme) की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी आईएएस कृतिका कुल्हारी ने शिमला जिले के आकांक्षी विकासखंड कुपवी का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी शिमला, खंड विकास अधिकारी कुपवी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की विभागवार समीक्षा
बैठक में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (Key Performance Indicators) की विभागवार प्रगति, उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कृतिका कुल्हारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा नियमित निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत विकास पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य आकांक्षी विकासखंडों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय (Convergence), योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी विभाग साझा जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि प्रत्येक प्रदर्शन संकेतक में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
नवाचार और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने के निर्देश
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने अधिकारियों से विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए नवाचारों को अपनाने तथा परिणामोन्मुखी कार्यशैली के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों, उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
कृतिका कुल्हारी ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विकास की गति को तेज करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास, नियमित समीक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा, ताकि कुपवी विकासखंड को विकास के विभिन्न मानकों पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
