Lahaul Spiti Landslide: कडू नाला में टैक्सी पर गिरा पहाड़, 13 लोगों की मौत; पांगी जा रहे थे यात्री
डलहौज़ी हलचल | लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण हादसा सामने आया। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी की ओर जा रही एक टैक्सी (HP-01M-2210) भारी मलबे की चपेट में आ गई। हादसे में 13 लोगों की मौत की सूचना है। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि की है।
घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया गया।
एक दिन पहले भूस्खलन से बंद था उदयपुर-किलाड़ मार्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। इसके चलते टैक्सी में सवार यात्री तिंदी क्षेत्र में रुके हुए थे।
शुक्रवार को सड़क यातायात के लिए बहाल होने के बाद वाहन यात्रियों को लेकर पांगी की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया और भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। टैक्सी इसकी चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और मलबे में दबे लोगों को निकालने के प्रयास किए गए।
वाहन में 15 लोगों के सवार होने की जानकारी
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज द्वारा साझा की गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के सुरक्षित होने की सूचना है।
मृतकों में छह माह के एक मासूम शिशु के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
हादसे से पांगी, चम्बा और लाहौल-स्पीति सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
डॉ. जनक राज ने हादसे पर जताया गहरा दुख
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में संबल मिलने की कामना की।
डॉ. जनक राज ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही वह चम्बा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।
भारी बारिश और भूस्खलन के बीच सावधानी बरतने की अपील
विधायक डॉ. जनक राज ने पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए लोगों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
प्रशासन की ओर से हादसे से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी और राहत एवं बचाव अभियान के अंतिम विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।
