मंडी में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट पर , 5000 कर्मी संभालेंगे पहले चरण की जिम्मेदारी

डलहौज़ी हलचल (मंडी): मंडी जिला में पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन चरणों में मतदान होगा और पहले चरण में करीब 5000 कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे।
मंडी में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट पर , 5000 कर्मी संभालेंगे पहले चरण की जिम्मेदारी

डलहौज़ी हलचल (मंडी): जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त Apoorv Devgan ने बताया कि मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अलग-अलग पदों के लिए अलग रंग के मतपत्र

उपायुक्त ने बताया कि चुनावों में विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर निर्धारित किए गए हैं—

  • जिला परिषद सदस्य: हल्का नीला
  • पंचायत समिति सदस्य: गुलाबी
  • प्रधान पद: हल्का हरा
  • उपप्रधान पद: पीला
  • वार्ड सदस्य: सफेद

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान करते समय उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह के ठीक सामने ही मोहर लगाएं। ऊपर या नीचे मोहर लगाने पर मत अमान्य घोषित हो सकता है।

हजारों उम्मीदवार चुनाव मैदान में

इस बार जिला की 577 ग्राम पंचायतों में—

  • प्रधान पद के लिए 2291 प्रत्याशी
  • उपप्रधान पद के लिए 2152 प्रत्याशी
  • 3305 वार्ड सदस्य पदों के लिए 4662 प्रत्याशी
  • 14 पंचायत समितियों के 267 पदों के लिए 1027 उम्मीदवार
  • 36 जिला परिषद सीटों के लिए 183 उम्मीदवार

अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें कई उम्मीदवार निर्विरोध भी निर्वाचित हो चुके हैं।

3135 मतदान केंद्र बनाए गए

अपूर्व देवगन ने बताया कि जिले में चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए कुल 3135 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। पहले चरण के मतदान के लिए करीब 5000 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाएंगे।

तीन चरणों में होगा मतदान

जिला प्रशासन के अनुसार—

  • प्रथम चरण: 26 मई 2026 — 198 ग्राम पंचायतें
  • द्वितीय चरण: 28 मई 2026 — 196 ग्राम पंचायतें
  • तृतीय चरण: 30 मई 2026 — 183 ग्राम पंचायतें

में मतदान कराया जाएगा।

मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।

मतदान के बाद उसी दिन होगी मतगणना

उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना के पश्चात घोषित कर दिए जाएंगे। इसके लिए पंचायत स्तर पर मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं।

संवेदनशील और अति संवेदनशील मतगणना केंद्रों पर वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला परिषद और पंचायत समिति की मतगणना 31 मई को

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को होगी। इस प्रक्रिया की वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने मतदान और मतगणना केंद्रों पर केवल उम्मीदवारों अथवा उनके अधिकृत एजेंटों को प्रवेश की अनुमति देने के निर्देश जारी किए हैं।

इसके अतिरिक्त मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के चुनावी बूथ लगाने या प्रचार गतिविधि पर प्रतिबंध रहेगा।

विज्ञापन