मेहला के पास दर्दनाक हादसा, थार पर पत्थर गिरने से पंजाब के श्रद्धालु की मौत
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा जिले के मेहला क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मणिमहेश यात्रा पर जा रही एक थार गाड़ी पर पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का सनरूफ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पंजाब के एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई।
तड़के करीब तीन बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ। मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की थार गाड़ी जैसे ही मेहला क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे वाहन के ऊपर आ गिरा। पत्थर की जबरदस्त टक्कर से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
होशियारपुर निवासी माखन सिंह की हुई मौत
इस हादसे में वाहन में सवार माखन सिंह (40) पुत्र शरवन सिंह, निवासी गांव मलियां, डाकघर गढ़दीवाल, तहसील गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर प्राकृतिक रूप से गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
पहाड़ी क्षेत्रों में सफर के जोखिम फिर आए सामने
मणिमहेश यात्रा के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा प्रबंधों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
