चुराह के विधायक डॉ. हंसराज को जान से मारने की धमकी, रास्ते में रोककर किया हिंसक व्यवहार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

डलहौजी हलचल (तीसा/चंबा): चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। विधायक ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। […]
चुराह के विधायक डॉ. हंसराज को जान से मारने की धमकी, रास्ते में रोककर किया हिंसक व्यवहार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

डलहौजी हलचल (तीसा/चंबा): चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। विधायक ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।

कैंथली के पास रोका रास्ता, किया हिंसक व्यवहार

जानकारी के अनुसार, डॉ. हंसराज अपने वाहन में सवार होकर विधानसभा क्षेत्र के कैंथली में एक निर्धारित कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लढान कोहाल के निवासी छेच्छ ठाकुर ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि व्यक्ति ने विधायक के साथ न केवल हिंसक व्यवहार किया, बल्कि उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की भी धमकी दे डाली।

ई-मेल के जरिए पुलिस को भेजी शिकायत

डॉ. हंसराज ने इस घटना की लिखित शिकायत ई-मेल के माध्यम से पुलिस थाना तीसा को भेजी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनके ड्राइवर के साथ भी गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी छेच्छ ठाकुर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सुरक्षा बढ़ाने की मांग और प्रशासन को चेतावनी

विधायक ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा तत्काल बढ़ाने की मांग की है। डॉ. हंसराज ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो उसका सीधा जिम्मेदार छेच्छ ठाकुर होगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

“पुलिस ने विधायक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और कानून सम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

— विजय कुमार सकलानी, एसपी चम्बा

विज्ञापन