उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा में 23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
डलहौज़ी हलचल | चंबा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा करते हुए लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल, सिंचाई और अग्निशमन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री का विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

चंबा शहर की अग्निशमन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
उप मुख्यमंत्री ने 6.91 करोड़ रुपये की लागत से चंबा शहर की अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई परियोजना की आधारशिला रखी।
इसके अलावा उन्होंने 8.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार संवर्धित पेयजल योजना साच-परेल-सुल्तानपुर का उद्घाटन भी किया। इस योजना से ग्राम पंचायत साच और द्रमण के लगभग 10 हजार लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल की सुविधा मिलेगी।

सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को मिलेगा लाभ
मुकेश अग्निहोत्री ने 1.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना भाला-टिपरी-चलेरा का शिलान्यास किया। इस योजना के पूरा होने के बाद 42.30 हेक्टेयर भूमि सिंचाई सुविधा से लाभान्वित होगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना साहो के पुनर्निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी। इससे लगभग 76.45 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

ओबड़ी फ्लैश फ्लड प्रभावित क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपये की सहायता
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ओबड़ी क्षेत्र में हाल ही में आई फ्लैश फ्लड से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
उन्होंने प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और प्रभावित क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

साहो में खुलेगा जल शक्ति विभाग का नया उप मंडल
साहो में आयोजित जनसभा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए जल शक्ति विभाग का नया उप मंडल खोलने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इससे पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव और शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पूरे दिन साहो में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए।

गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता
साच, भाला और साहो में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत गांवों में बसता है और गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं नहीं सुनेंगे, तब तक उनके समाधान की वास्तविक तस्वीर सामने नहीं आएगी।

एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी नई इलेक्ट्रिक बसें
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एचआरटीसी के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। जिन मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी, वहां से डीजल बसों को अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर ने क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने और गांवों में पहुंचकर लोगों के बीच कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आशा कुमारी, भारती नैय्यर, जिला परिषद के उपाध्यक्ष लियाकत अली, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और कई विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

