शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय कोटखाई का दौरा किया, विद्यार्थियों से किया संवाद
डलहौज़ी हलचल | शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को केंद्रीय विद्यालय कोटखाई का दौरा किया और वहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद किया तथा शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे।

विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन देशभर में एक समान और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के लिए जाना जाता है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालयों में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) तथा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पाठ्यक्रमों का पालन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलती है।

आधुनिक सुविधाओं से मिलेगा लाभ
रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशालाओं, रोबोटिक्स, खेल सुविधाओं, विज्ञान प्रदर्शनियों और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का लाभ मिलता है। इससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित होता है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय का स्थायी भवन जल्द ही कोटखाई के निकट कुफटू फार्म में बनाया जाएगा। वर्तमान में विद्यालय का संचालन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या), कोटखाई के भवन से किया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताएं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा क्षेत्र पर खर्च कर रही है। सरकार का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य के 151 विद्यालयों में पहले चरण के तहत सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग में रिक्त पड़े हजारों पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

डीएवी महाविद्यालय में कन्या छात्रावास का उद्घाटन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने डीएवी महाविद्यालय, कोटखाई में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास भवन का उद्घाटन भी किया।
इस छात्रावास में 36 बिस्तरों की व्यवस्था, भोजन कक्ष और दो वार्डन कक्ष बनाए गए हैं। इस परियोजना को वर्ष 2024 में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत मंजूरी प्रदान की गई थी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि डीएवी देश के सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आधुनिक शिक्षा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि डीएवी महाविद्यालय, कोटखाई क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यह गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान और मीनाक्षी मांजटा, पंचायत समिति अध्यक्ष विजया राजटा, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, शिक्षा विभाग के उपनिदेशक लेखराज भारद्वाज तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
