NEET देने जा रहे छात्रों के लिए खुशखबरी! एडमिट कार्ड दिखाकर HRTC बसों में करें फ्री सफर
डलहौज़ी हलचल | ऊना
NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि नीट परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं को 20 जून से 22 जून तक हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।
यह निर्णय परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशों पर लिया गया है। इस संबंध में एचआरटीसी मुख्यालय द्वारा सभी इकाई अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
21 जून को आयोजित होगी NEET परीक्षा
गौरतलब है कि NEET-2026 परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे। ऐसे में सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
एडमिट कार्ड दिखाकर कर सकेंगे मुफ्त यात्रा
एचआरटीसी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह सुविधा निगम की साधारण बसों में उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी अपने NEET एडमिट कार्ड के आधार पर अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक एक बार जाने और परीक्षा के बाद एक बार वापस लौटने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के अनेक विद्यार्थी दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परिवहन संबंधी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ और तनाव के परीक्षा में शामिल हों तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री ने सभी NEET अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सरकार की संवेदनशील पहल
शिक्षा और युवा कल्याण को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय हजारों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए राहत लेकर आया है। इससे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी और विद्यार्थियों का ध्यान पूरी तरह परीक्षा की तैयारी पर केंद्रित रह सकेगा।
