कांगड़ा में 21 जून को 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी NEET परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

NEET अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर: कांगड़ा के 12 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
कांगड़ा में 21 जून को 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी NEET परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

डलहौज़ी हलचल | धर्मशाला

कांगड़ा जिला में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 21 जून को 12 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और परीक्षा केंद्र प्रभारियों ने भाग लिया।

दोपहर 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि NEET परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं विशेष रूप से सक्षम (Divyang) अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे समाप्त होगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सुरक्षा के लिए पुलिस और ITBP रहेगी तैनात

विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग के साथ-साथ इस बार आईटीबीपी (ITBP) के जवानों की भी तैनाती की जाएगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

CCTV, जैमर और वीडियो रिकॉर्डिंग की होगी व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों और परीक्षार्थियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के परिवहन पर भी मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

इन 12 केंद्रों में होगी परीक्षा

कांगड़ा जिला में NEET परीक्षा के लिए निम्नलिखित 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं—

  • हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय केंद्र मोहली खानियारा
  • राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां (केंद्र-2, ग्राउंड फ्लोर)
  • राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला (केंद्र-2, ओल्ड ब्लॉक)
  • राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां (केंद्र-1, द्वितीय तल)
  • राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला (आर्ट्स ब्लॉक)
  • राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, नगरोटा बगवां
  • पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पालमपुर
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बॉयज, धर्मशाला
  • पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गर्ल्स, धर्मशाला
  • राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, धर्मशाला
  • कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, पालमपुर
  • पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भनाला

समय से केंद्र पहुंचने की अपील

अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की ताकि प्रवेश द्वारों पर भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला कैंट के प्रधानाचार्य एवं एनटीए सिटी को-ऑर्डिनेटर सुनील चौहान, डिप्टी एसपी निशा, एसडीएम प्रदीप कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय सिंह, आईटीबीपी इंस्पेक्टर राम लाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन