पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के 20 विद्यार्थी और दो शिक्षक KVS हैकाथॉन–2025 में सम्मानित

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के 20 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों को KVS हैकाथॉन–2025 ‘कोड फॉर न्यू भारत’ में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए IIT दिल्ली और केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सम्मानित किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के 20 विद्यार्थी और दो शिक्षक KVS हैकाथॉन–2025 में सम्मानित

डलहौज़ी हलचल | बकलोह

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के विद्यार्थियों ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा आयोजित केवीएस हैकाथॉन–2025 ‘कोड फॉर न्यू भारत’ (AI विद्यासेतु 1.0) में उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस राष्ट्रीय स्तर के नवाचार कार्यक्रम का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स द्वारा पीएम श्री योजना एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के सहयोग से किया गया।

चार टीमों के 20 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन

विद्यालय की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की चार टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रत्येक टीम में पाँच-पाँच विद्यार्थियों के साथ कुल 20 विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और रचनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रार्थना सभा में हुआ सम्मान समारोह

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सभी 20 प्रतिभागी विद्यार्थियों को आईआईटी दिल्ली के आई-हब फाउंडेशन फॉर कोबोटिक्स तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा संयुक्त रूप से जारी प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-चिह्न (बैज) प्रदान किए गए।

इसके साथ ही प्रतियोगिता के मार्गदर्शक अजय हिंगोनिया (स्नातकोत्तर शिक्षक, कंप्यूटर विज्ञान) तथा अखिलेश राणा (स्नातकोत्तर शिक्षक, भौतिकी) को भी उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं बढ़ाती हैं नवाचार और आत्मविश्वास: प्राचार्य

विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं चारों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास करती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का सफल मार्गदर्शन करने वाले दोनों शिक्षकों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थियों की ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सक्रिय एवं निरंतर सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन