पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह के एनसीसी कैडेट सम्मानित, ATC-237 में उत्कृष्ट प्रदर्शन से बढ़ाया विद्यालय का गौरव
डलहौज़ी हलचल | बकलोह (चंबा)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह छावनी में गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में एनसीसी कैडेटों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-237) में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों तथा ‘ए’ प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले तृतीय वर्ष के कैडेटों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
ATC-237 शिविर में कैडेटों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
विद्यालय के 16 द्वितीय वर्ष के एनसीसी कैडेटों ने 10 से 19 जून 2026 तक एनएचपीसी कॉलोनी, बनीखेत में आयोजित ATC-237 शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।
कक्षा दसवीं के कैडेट अभिनव ने डीएसटी टेस्ट में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं तमन्ना और तेजस्विनी ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। आशिमा ने ब्लाइंड फोल्ड प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विद्यालय की बालक समूह नृत्य टीम ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्राचार्य ने किया सम्मानित, दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने सभी विजेता एवं ‘ए’ प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले कैडेटों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कैडेटों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय को अपने विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व है। साथ ही उन्होंने सभी कैडेटों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया
