शाहपुर के स्कूलों में रोज होगा योग, हर मंगलवार गूंजेगा हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शाहपुर में विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में दैनिक योग सत्र और प्रत्येक मंगलवार हनुमान चालीसा पाठ की घोषणा की।
शाहपुर के स्कूलों में रोज होगा योग, हर मंगलवार गूंजेगा हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शाहपुर को मिली नई पहल की सौगात

डलहौज़ी हलचल | शाहपुर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुष विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस अवसर पर उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातःकाल योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

प्रत्येक मंगलवार होगा हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का पाठ

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि योग के साथ-साथ आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार विद्यालयों में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का पाठ भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन अत्यंत आवश्यक है।

योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनेक बीमारियों से भी बचाने में सहायक सिद्ध होता है।

आधुनिक जीवनशैली में बढ़ा योग का महत्व

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि योग का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है और प्राचीन ऋषि-मुनियों ने इसके माध्यम से निरोग एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया था। आज के तनावपूर्ण और व्यस्त जीवन में योग की उपयोगिता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री और आयुष मंत्री का जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और आयुष मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में आयुष सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने में योग गुरु बाबा रामदेव के योगदान की भी सराहना की।

योगाभ्यास में लिया सक्रिय भाग

कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने उपस्थित जनसमूह के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम भी किए। इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से उन्हें सहजन का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृज नंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं आईटीआई शाहपुर के प्रधानाचार्य अभिनंदन कालिया ने कहा कि उपमुख्य सचेतक के निर्देशानुसार संस्थान में हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र का पाठ अगले दिन से प्रारंभ कर दिया जाएगा।

बड़ी संख्या में लोगों ने की सहभागिता

कार्यक्रम में तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, शाहपुर कॉलेज के प्राचार्य विश्वजीत, सहायक अभियंता विपुल पुंज, डॉ. भवानी, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. अनीश भाटिया, योग गाइड अनुराधा एवं अंजुबाला, नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बविता, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विज्ञापन