सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर ऊना प्रशासन सक्रिय, 14-15 वर्ष की बालिकाओं के HPV टीकाकरण पर विशेष जोर
डलहौज़ी हलचल | ऊना
सहायक आयुक्त विनय मोदी ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लोगों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना बेहद आवश्यक है।
14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का किया जा रहा टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विनय मोदी ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर का अभियान है, जिसके तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम किया जा सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के महत्व से अवगत कराया जाए।
स्कूलों में बनाए जाएंगे नोडल अधिकारी
सहायक आयुक्त ने शिक्षा विभाग को प्रत्येक सरकारी एवं निजी विद्यालय में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठकों (PTM) में एचपीवी टीकाकरण के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इन बैठकों में संबंधित क्षेत्रों की महिला जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं पंचायत प्रधानों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो सके।
सामाजिक संस्थाओं से भी मांगा सहयोग
विनय मोदी ने सभी संबंधित विभागों, रोटरी क्लब ऊना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग ने दी प्रगति रिपोर्ट
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक की गई गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला श्रम अधिकारी अक्षय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
