चंबा में आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
डलहौज़ी हलचल (चंबा): उपायुक्त कार्यालय परिसर चंबा में आज अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।
इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने का संकल्प लिया।
शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का लिया संकल्प
शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव और सूझबूझ बनाए रखने का भी संकल्प लिया।
साथ ही मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से संघर्ष करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
“आतंकवाद राष्ट्र की एकता के लिए गंभीर चुनौती”
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने कहा कि आतंकवाद और हिंसा समाज तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए गंभीर चुनौती हैं।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द और सहिष्णुता की भावना को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
