सरकार घोषित करे ‘राष्ट्रीय चालक दिवस’, चंबा में ऑल ड्राइवर कल्याण संघ ने बुलंद की आवाज
डलहौजी हलचल (चुराह/चंबा): ऑल ड्राइवर कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक हाल ही में चंबा के नकरोड़ में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार टंडन ने की, जिसमें जिले भर से आए चालकों ने अपनी ज्वलंत समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
1 सितंबर को ‘राष्ट्रीय चालक दिवस’ घोषित करने की मांग
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज कुमार टंडन ने सरकार से पुरजोर मांग की कि चालकों के समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को देखते हुए ‘राष्ट्रीय चालक दिवस’ की आधिकारिक घोषणा की जाए। संघ ने विशेष रूप से जोर दिया कि हर वर्ष 1 सितंबर को मनाए जाने वाले चालक दिवस को सरकारी कैलेंडर में स्थान दिया जाना चाहिए, ताकि इस वर्ग को समाज में उचित सम्मान मिल सके।
चालक संग्रहालय और 29 सूत्रीय मांग पत्र
बैठक में चालकों के योगदान को सहेजने के लिए एक विशेष ‘चालक संग्रहालय’ स्थापित करने की भी मांग उठाई गई। अध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों को संघ की 29 सूत्रीय मांगों से अवगत करवाया और भविष्य की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि चालक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित गणमान्य
नकरोड़ में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वीर सिंह, मौसम दीन (प्रथम), मौसम दीन (द्वितीय), नवीन कुमार, और सुनील कुमार सहित संघ के अन्य कई सदस्य और पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे अपने हक के लिए संघर्ष तेज करेंगे।
