चंबा में महिलाओं के लिए सुनहरा मौका! भटियात-डलहौज़ी के आंगनवाड़ी केंद्रों में 61 पदों पर निकली भर्ती

भटियात और डलहौज़ी क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता, सहायिका और क्रैच स्टाफ के 61 पदों पर भर्ती निकली है। आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
चंबा में महिलाओं के लिए सुनहरा मौका! भटियात-डलहौज़ी के आंगनवाड़ी केंद्रों में 61 पदों पर निकली भर्ती

डलहौज़ी हलचल | चुवाड़ी (चंबा)

उपमंडल भटियात और डलहौज़ी के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) चुवाड़ी धर्म वीर ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र 22 जुलाई 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, चुवाड़ी में जमा किए जा सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

भर्ती के तहत कुल 61 पद भरे जाएंगे, जिनमें—

  • भटियात क्षेत्र
    • 8 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
    • 26 आंगनवाड़ी सहायिका
    • 1 क्रैच कार्यकर्ता (आंगनवाड़ी केंद्र 2/4 बकलोह कैंट)
    • 1 क्रैच सहायिका
  • डलहौज़ी क्षेत्र
    • 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
    • 19 आंगनवाड़ी सहायिका

पात्रता एवं आवश्यक शर्तें

विभाग के अनुसार केवल वही महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगी जो संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के लाभान्वित सर्वे क्षेत्र (फीडिंग एरिया) की स्थायी निवासी हों।

आवेदन के लिए प्रमुख पात्रताएं:

  • आयु 18 से 35 वर्ष के बीच हो।
  • न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता +2 (बारहवीं) उत्तीर्ण हो।
  • परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक न हो।
  • वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार, तहसीलदार अथवा कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी एवं प्रमाणित होना अनिवार्य है।

इन वर्गों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित नियमों के अनुसार उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाली अभ्यर्थियों के अलावा दिव्यांग, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनाथ, विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा, परित्यक्ता, बालिका आश्रम एवं स्टेट होम की महिलाओं तथा सात वर्ष से अधिक समय से लापता पति वाली महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों के तहत अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की तिथि

भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार निम्नानुसार आयोजित किए जाएंगे—

  • भटियात उपमंडल: 27 जुलाई 2026
    स्थान: बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, चुवाड़ी
  • डलहौज़ी उपमंडल: 31 जुलाई 2026
    स्थान: उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, डलहौज़ी

अलग से नहीं भेजा जाएगा बुलावा

विभाग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अलग से कोई कॉल लेटर या सूचना नहीं भेजी जाएगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक मूल दस्तावेजों सहित उपस्थित होना होगा। भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वृत्त पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, चुवाड़ी से संपर्क कर सकते हैं।

विज्ञापन