भटियात को मिली बड़ी सौगात! मेल और चूहन में बनेंगे आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, कुलदीप सिंह पठानिया ने किया भूमि पूजन

भटियात विधानसभा क्षेत्र में 6.58 करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी मेल और चूहन के नए भवन बनेंगे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भूमि पूजन कर एक वर्ष में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
भटियात को मिली बड़ी सौगात! मेल और चूहन में बनेंगे आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, कुलदीप सिंह पठानिया ने किया भूमि पूजन

डलहौज़ी हलचल | चंबा

भटियात विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को ग्राम पंचायत मेल और चूहन में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवनों का विधिवत भूमि पूजन किया। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कुल 6 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

मेल और चूहन पीएचसी पर खर्च होंगे 6.58 करोड़ रुपये

जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि पीएचसी मेल के नए भवन पर लगभग 3 करोड़ 73 लाख रुपये, जबकि पीएचसी चूहन के भवन पर लगभग 2 करोड़ 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि दोनों परियोजनाओं के लिए 2-2 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है तथा शेष राशि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार उपलब्ध करवाई जाएगी।

एक सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्य का दायित्व संभाल रही भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की एजेंसी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए तथा दोनों भवनों का निर्माण अगले एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाए।

 

डॉक्टरों के लिए आवासीय सुविधा भी होगी उपलब्ध

उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता चौबीसों घंटे सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि इन दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के बाद ग्राम पंचायत मेल, नैनीखड्ड, बैली, सुदली, चूहन, समलेउ और मोरनु सहित आसपास के लगभग 5 से 6 हजार लोगों को अपने घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

मेडिकल कॉलेज चंबा में शुरू होगी पीजी पढ़ाई

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्तियां की हैं। चंबा जिले के अधिकांश रिक्त पद भरे जा चुके हैं तथा शेष पद भी शीघ्र भर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की पढ़ाई शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा।

हर गांव तक सड़क पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ढलोग, मेल, बैली, सुदली, मोरनु, भगडार, समलेउ और चूहन में लगभग 39 सड़क परियोजनाओं के निर्माण की विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 165 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर कार्य चल रहा है। जिन गांवों में अभी भी पेयजल की समस्या है, वहां चरणबद्ध तरीके से स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

लोगों की समस्याएं भी सुनीं

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा, एसडीएम डलहौज़ी अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, तहसीलदार रमेश चौहान, बीडीओ भटियात अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, बीएसएनएल के अधिशासी अभियंता सतपाल सिंह, उपमंडल आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शरद, बीएमओ डॉ. श्याम लाल शर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रधान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन