चम्बा में लोकतंत्र का महापर्व: 109 वर्षीय आशा देवी समेत 3,99,858 मतदाता करेंगे फैसला

डलहौज़ी हलचल (चम्बा): पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर जिला चम्बा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चम्बा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि चुनावों के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा रही हैं। मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण […]
चम्बा में लोकतंत्र का महापर्व: 109 वर्षीय आशा देवी समेत 3,99,858 मतदाता करेंगे फैसला

डलहौज़ी हलचल (चम्बा): पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर जिला चम्बा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चम्बा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि चुनावों के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा रही हैं।

मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद जिला चम्बा में कुल 3 लाख 99 हजार 858 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 1 लाख 96 हजार 932 महिला और 2 लाख 2 हजार 926 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

भटियात में सबसे अधिक 92,395 मतदाता

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार विकास खंड भटियात में कुल 92,395 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 45,955 महिला और 46,440 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

विकास खंड पांगी में 15,201 मतदाताओं में 7,310 महिला और 7,891 पुरुष मतदाता हैं। भरमौर में कुल 35,228 मतदाताओं में 16,657 महिला और 18,571 पुरुष मतदाता पंजीकृत हैं।

चम्बा विकास खंड में कुल 61,541 मतदाता हैं, जिनमें 30,541 महिला और 31,000 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वहीं मैहला में 69,059, सलूणी में 64,159 और तीसा में 62,275 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिले में 1741 युवा पहली बार करेंगे मतदान

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिले में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर पहली बार मतदाता बने युवाओं की संख्या 1741 है।

इनमें भरमौर में 240, भटियात में 315, चम्बा में 214, मैहला में 314, पांगी में 56, सलूणी में 310 और तीसा में 292 नए मतदाता शामिल हैं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भागीदारी चुनाव प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाएगी।

109 वर्षीय आशा देवी जिले की सर्वाधिक उम्रदराज मतदाता

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला चम्बा में 100 वर्ष से अधिक आयु के कुल 7 वरिष्ठ मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के पात्र हैं।

इनमें भटियात विकास खंड की 109 वर्षीय आशा देवी जिले की सर्वाधिक उम्रदराज मतदाता हैं। वरिष्ठ मतदाताओं की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति गहरी आस्था को दर्शाती है।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रशासन तैयार

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

विज्ञापन