तीसा से भरमौर तक गूंजे जागरूकता के गीत, नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को बताईं सरकार की योजनाएं

चंबा जिले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष प्रचार अभियान के तहत कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और नशा मुक्ति का संदेश दिया।
तीसा से भरमौर तक गूंजे जागरूकता के गीत, नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को बताईं सरकार की योजनाएं

डलहौज़ी हलचल | चंबा

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत बुधवार को चंबा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नशा निवारण अभियान के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत आर्यन कला मंच उदयपुर ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीसा और भजराडू, आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के समोट और टुंडी, जबकि मां सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप लेच ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के हॉली और गरोला में कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों से किया जागरूक

कलाकारों ने गीत, संगीत और प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी नीतियों तथा नशा निवारण अभियान की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।

कार्यक्रमों में लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इन योजनाओं की दी गई जानकारी

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाएं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

नशा मुक्त समाज का दिया संदेश

कार्यक्रमों के दौरान प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन पर इसके नकारात्मक प्रभावों और युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले असर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कलाकारों ने लोगों से नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

विज्ञापन