चंबा जिला परिषद चुनाव: रेखा ठाकुर ने 10-8 से जीता अध्यक्ष पद, लियाकत अली खान बने उपाध्यक्ष

चंबा जिला परिषद अध्यक्ष पद पर रेखा ठाकुर और उपाध्यक्ष पद पर लियाकत अली खान निर्वाचित हुए। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
चंबा जिला परिषद चुनाव: रेखा ठाकुर ने 10-8 से जीता अध्यक्ष पद, लियाकत अली खान बने उपाध्यक्ष

डलहौज़ी हलचल | चंबा

चंबा जिला परिषद को नया नेतृत्व मिल गया है। शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में बयाणा वार्ड से रेखा ठाकुर अध्यक्ष तथा सरोल वार्ड से लियाकत अली खान उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। निर्वाचन प्रक्रिया बचत भवन चंबा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

सभी 18 जिला परिषद सदस्यों ने लिया भाग

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज नियम, 1994 के तहत आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में जिला परिषद के सभी 18 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा तथा जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद सचिव महेश चंद ठाकुर भी मौजूद रहे।

अध्यक्ष पद पर रेखा ठाकुर की जीत

अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में रेखा ठाकुर को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि जियूंता वार्ड की उम्मीदवार मीनाक्षी कपूर को 8 मत मिले। इसके साथ ही रेखा ठाकुर को चंबा जिला परिषद का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।

लियाकत अली खान बने उपाध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद के चुनाव में सरोल वार्ड के लियाकत अली खान को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि गैहरा वार्ड के सुनील दत्त को 8 मत मिले। मतगणना के बाद लियाकत अली खान को जिला परिषद का नया उपाध्यक्ष घोषित किया गया।

उपायुक्त ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेखा ठाकुर और उपाध्यक्ष लियाकत अली खान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण संस्थाओं में से एक है और चंबा जिले के समग्र विकास में सभी जिला परिषद सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवगठित नेतृत्व जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जिले की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

विज्ञापन