चुराह में भारी बारिश से चांजू-3 जलविद्युत परियोजना को बड़ा नुकसान, लाखों की निर्माण सामग्री नदी में बही
डलहौज़ी हलचल | चुराह (चंबा)
चंबा जिले के उपमंडल चुराह में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी का जलस्तर बढ़ने से चांजू-3 जलविद्युत परियोजना के पैकेज-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से परियोजना स्थल पर रखी लाखों रुपये मूल्य की निर्माण सामग्री बह गई, जबकि कई अस्थायी ढांचे और सुरक्षा संबंधी संरचनाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
शनिवार रात से क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी के तेज बहाव ने परियोजना स्थल के आसपास रखी निर्माण सामग्री और अस्थायी ढांचों को अपनी चपेट में ले लिया। नुकसान की वास्तविक राशि विस्तृत आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सरिया, बजरी, रेत और केबल सहित निर्माण सामग्री को नुकसान
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक परियोजना स्थल पर रखे 12 एमएम, 16 एमएम और 32 एमएम सरिया, 10 एमएम और 20 एमएम बजरी, रिवर सैंड, क्रशर सैंड, सुरक्षा वायर, केबल, टीएमटी रॉड सहित अन्य निर्माण सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
तेज बहाव के कारण निर्माण स्थल पर बनाए गए टीम शेड और अन्य अस्थायी ढांचे भी प्रभावित हुए हैं। इनमें से कई संरचनाओं के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
पटवारी के माध्यम से तहसीलदार चुराह को भेजी प्रारंभिक रिपोर्ट
घटना की जानकारी परियोजना अधिकारी द्वारा फोन के माध्यम से संबंधित पटवारी को दी गई। इसके बाद पटवारी ने उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर नुकसान की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार चुराह को भेजी है।
रिपोर्ट में परियोजना स्थल पर बारिश और नदी के बढ़े जलस्तर से हुए नुकसान का प्रारंभिक ब्यौरा देते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
नुकसान का विस्तृत आकलन जारी
फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। वास्तविक नुकसान का पूरा आंकड़ा विस्तृत रिपोर्ट तैयार होने के बाद सामने आएगा। इसके आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के समीप न जाने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
