पर्यावरण संरक्षण का संदेश: धर्मशाला के सराह में न्यायिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लगाए 80 से अधिक पौधे

धर्मशाला के सराह गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा ने पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत 80 से अधिक देशज पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश: धर्मशाला के सराह में न्यायिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लगाए 80 से अधिक पौधे

डलहौज़ी हलचल | धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे माहभर के पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), कांगड़ा द्वारा धर्मशाला उपमंडल के समीप ग्राम सराह में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश चिराग भानु सिंह ने विधिवत भूमि पूजन के बाद पीपल का पौधा रोपित कर किया।

लगाए गए 80 से अधिक देशज पौधे

पौधरोपण अभियान के दौरान पीपल, अर्जुन, शीशम, आंवला, जामुन और रीठा सहित विभिन्न देशज प्रजातियों के 80 से अधिक पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, संरक्षण, नियमित देखभाल और उनके जीवित रहने को सुनिश्चित करना भी है।

पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी पर जोर

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। स्थानीय जलवायु के अनुरूप देशज प्रजातियों के पौधों का चयन किया गया ताकि क्षेत्र में संतुलित एवं सतत पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा मिल सके।

अभियान में वन विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की गई।

न्यायिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लिया भाग

कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश डॉ. अरविंद मल्होत्रा, श्रम न्यायालय की पीठासीन न्यायाधीश परवीन चौहान, मुख्य वन संरक्षक बासु कौशल, प्रभागीय वन अधिकारी अमित शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश चौहान, शीतल शर्मा, पॉक्सो न्यायालय की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय लक्ष्मी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हकीकत धांडा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सोनल शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी डॉ. पार्थ जैन तथा जिला बार एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अंकुर सोनी सहित टोंगलेन स्कूल के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं जागोरी और उत्थान के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे केवल पौधरोपण तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

विज्ञापन