फास्ट फूड बनाना सीखें और शुरू करें अपना कारोबार! खड्ड में 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
डलहौज़ी हलचल | ऊना
विकासखंड हरोली की ग्राम पंचायत खड्ड में शुक्रवार को 12 दिवसीय फास्ट फूड कुकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं जिले के मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक विजय सिंह ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं और इच्छुक प्रतिभागियों को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।
बैंक ऋण उपलब्ध कराने का दिया भरोसा
मुख्य अतिथि विजय सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद यदि कोई अपना स्वरोजगार स्थापित करना चाहता है तो बैंक की ओर से आवश्यकतानुसार ऋण उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने के लिए इस अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के साथ मिलेगी उद्यमिता की जानकारी
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), ऊना के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को केवल फास्ट फूड बनाने की तकनीक ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार स्थापित करने, उद्यमिता विकास, बैंकिंग प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है।
निःशुल्क भोजन, ड्रेस और प्रमाण-पत्र की सुविधा
निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निःशुल्क भोजन, अध्ययन सामग्री, प्रशिक्षण ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को सरकारी मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में अधिकतम 35 प्रतिभागियों को शामिल किया जा सकता है और पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में वित्तीय सलाहकार राज डोगरा, जिला परिषद सदस्य इंदुबाला, ग्राम पंचायत प्रधान उर्मिला देवी, उपप्रधान अमित कुमार तथा संस्थान की संकाय सदस्य रजनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
