मणिमहेश यात्रा पर बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री! तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त ने दिए बड़े निर्देश
डलहौज़ी हलचल | चंबा
श्री मणिमहेश यात्रा–2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, चंबा में कांगड़ा मंडल के मंडलायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हों सभी तैयारियां
मंडलायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
इस वर्ष सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य
बैठक में मंडलायुक्त ने बताया कि मणिमहेश यात्रा–2026 में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। पंजीकरण शुल्क के संबंध में निर्णय शीघ्र लिया जाएगा, जिसकी आधिकारिक सूचना अलग से जारी की जाएगी।
अधिकृत गाइड के बिना परिक्रमा मार्ग पर प्रवेश नहीं
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर केवल अधिकृत एवं प्रशिक्षित गाइड के साथ ही श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दी जाएगी। बिना गाइड किसी भी श्रद्धालु को परिक्रमा पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संभावित दुर्घटनाओं से बचाव और यात्रा को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
स्वास्थ्य, सड़क और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग और सभी प्रमुख पड़ावों पर चिकित्सा दल, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार केंद्र तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार रखी जाएं।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को यात्रा मार्गों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त पुलियों के पुनर्निर्माण, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निगरानी तथा पैदल मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित विभागों को प्रभावी वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जल शक्ति विभाग को यात्रा मार्ग एवं सभी प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्थायी शौचालय, स्नानागार, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
उपायुक्त ने तैयारियों की दी जानकारी
बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने गत वर्ष की यात्रा के सफल संचालन से प्राप्त अनुभव साझा करते हुए इस वर्ष की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने किया। उन्होंने यात्रा की वर्तमान तैयारियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, वन मंडल अधिकारी नवनाथ माने, कुलदीप जमवाल, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी तविंदर चिनौरिया, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा, बी.सी. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
