हमीरपुर: बैग में दरात और हाथ में दोनाली बंदूक लेकर कोर्ट परिसर पहुंचा पूर्व सैनिक, पुलिस ने मशक्कत के बाद दबोचा
डलहौज़ी हलचल (हमीरपुर): जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर हमीरपुर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भोरंज निवासी पूर्व सैनिक रमन बैग में दरात और हाथ में दोनाली बंदूक लेकर परिसर में पहुंच गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने बंदूक लोड होने की बात कहते हुए धमकी दी, जिसके बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों, होमगार्ड जवानों और एक स्थानीय महिला की सूझबूझ से आरोपी को काबू कर लिया गया।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आरोपी का एक मामला पहले से हमीरपुर कोर्ट में विचाराधीन है, हालांकि सोमवार को उसकी कोई सुनवाई निर्धारित नहीं थी।
हाथ में बंदूक देखकर हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश अपने चैंबर में मौजूद थे। इसी दौरान डीएसपी लीव रिजर्व हरीश गुलेरिया सत्र न्यायालय से बाहर निकले और उन्होंने परिसर में एक बेंच पर बैठे व्यक्ति के हाथ में दोनाली बंदूक देखी।
जब होमगार्ड जवान ने आरोपी से हथियार जमा करवाने को कहा तो वह आनाकानी करने लगा। स्थिति को भांपते हुए डीएसपी हरीश गुलेरिया ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी से बंदूक सौंपने को कहा।
बंदूक लोड बताकर दी धमकी
आरोपी अचानक भड़क गया और बंदूक ऊपर उठाते हुए चिल्लाने लगा कि हथियार लोड है। उसने खुद को परेशान बताते हुए गोली चलाने की धमकी भी दी।
इसके बाद डीएसपी हरीश गुलेरिया, उनके पीएसओ और होमगार्ड जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
हाथापाई में फटी वर्दी, महिला ने दिखाई हिम्मत
आरोपी को काबू करने के दौरान पुलिस के साथ हाथापाई हुई, जिसमें पुलिस कर्मियों की वर्दी और आरोपी के कपड़े फट गए। मौके पर मौजूद मक्कड़ पंचायत की निवासी निशा ठाकुर ने भी साहस दिखाते हुए पुलिस की मदद की।
इस दौरान निशा ठाकुर को मामूली चोटें आईं। चश्मदीदों के अनुसार आरोपी काफी गुस्से में था और बार-बार खुद को प्रताड़ित बताते हुए गोली चलाने की धमकी दे रहा था।
कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
न्यायालय परिसर में हथियारों के साथ व्यक्ति के प्रवेश को सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। घटना के बाद सेशन जज ने कड़ा संज्ञान लेते हुए एसपी हमीरपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एसपी को बुधवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश दिए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने देर शाम अदालत के मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर भी स्थापित कर दिया।
आरोपी पर केस दर्ज, जांच जारी
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जब आरोपी की सोमवार को कोई सुनवाई निर्धारित नहीं थी, तो वह हथियारों के साथ कोर्ट परिसर में क्यों और किस उद्देश्य से पहुंचा था।
